ENG vs IND 2nd T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 आज मेनचेस्टर में है, जिसमें संजू सैमसन समेत टीम इंडिया के 3 खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी. वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का भी इंतजार है.
Written By : शिवम | Updated at : 04 Jul 2026 07:37 AM (IST)

ENG vs IND 2nd T20 Sanju Samson Vaibhav Sooryavanshi
Source : एक्स
क्या संजू सैमसन ड्राप होंगे? क्या वैभव सूर्यवंशी को आज प्लेइंग 11 में शामिल किया जाएगा? ये कुछ सवाल हैं जो सभी फैंस के मन में हैं. भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टी20 आज मेनचेस्टर में खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया को अभी भी पहली जीत की तलाश है. सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. जानिए आज भारत के किन 3 खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी.
संजू सैमसन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन अभी रन बनाने के लिए स्ट्रगल कर रहे हैं. आयरलैंड दौरे पर वह दोनों मैचों में फ्लॉप रहे, पहले मैच में 5 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हुए और दूसरे में तो खाता भी नहीं खोल पाए. इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में वह 7 गेंदें खेलें, लेकिन उसमें सिर्फ 1 ही रन बना पाए और आउट हो गए. उन्हें आज एक और मौका दिया जा सकता है, जिसमें उन्हें रन बनाने होंगे नहीं तो शायद वो अपना स्थान खो दे. वैभव सूर्यवंशी उनकी जगह लेने के लिए तैयार हैं, ऐसे में संजू का फॉर्म नहीं लौटा तो उनके लिए मुश्किल हो जाएगी.
अक्षर पटेल
ऑलराउंडर अक्षर पटेल से उम्मीद की जाती है कि वह निचले क्रम की बल्लेबाजी को मजबूत बनाए, लेकिन वह योगदान नहीं दे पा रहे हैं. वह सबसे अनुभवी हैं, लेकिन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. उनके डाउनफॉल का अंदाजा इससे लगाइए कि पिछले मैच में हर्षित राणा को उनसे ऊपर बल्लेबाजी करने भेजा गया. अक्षर IPL 2026 में भी संघर्ष करते हुए नजर आए थे. अब अक्षर को परफॉर्म करना होगा, नहीं तो वह अपना स्थान गंवा सकते हैं.
तिलक वर्मा
लिस्ट में तीसरा नाम तिलक वर्मा का है, जो टी20 टीम के उपकप्तान हैं. उन्होंने अभी तक प्रदर्शन से प्रभावित नहीं किया है, उनसे मिडिल आर्डर में आकर पारी को संभालने और मोमेंटम को बरकरार रखने की उम्मीद की जाती है, लेकिन पिछले मैच में भी उन्होंने 13 रन बनाने के लिए 13 गेंदें खेली. इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ वह पहले मैच में 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि इसके लिए उन्होंने 21 गेंदें खेली. दूसरे मैच में उन्होंने अर्धशतक जड़ा, लेकिन 55 रनों की पारी उन्होंने 46 गेंदों में खेली. उनको थोड़ा और आक्रामक होकर खेलना होगा, नहीं तो उनके लिए मुश्किल हो सकती है.
क्या आज वैभव सूर्यवंशी का होगा डेब्यू?
पूरे क्रिकेट जगत को इंतजार है कि वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू कब होता है. आयरलैंड में भी उन्हें मौका नहीं मिला, इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह प्लेइंग 11 में शामिल नहीं थे. संजू सैमसन लगातार फ्लॉप हुए हैं, ऐसे में वैभव को संजू की जगह मौका मिल सकता है. लेकिन उम्मीद कम है कि आज भी संजू को ड्राप किया जाए, ऐसे में वैभव का इंतजार बढ़ सकता है.

About the author शिवम
शिवम फरवरी 2025 से एबीपी की स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े हैं. इससे पहले शिवम ने 3 साल इनसाइडस्पोर्ट में बतौर सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम किया है. शिवम ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई जामिया मिल्लिया इस्लामिया से की है.
Read More
Published at : 04 Jul 2026 07:16 AM (IST)
Breaking News, Anytime, Anywhere - Download ABPLIVE on Android and iOS now!
और पढ़ें
Sponsored Links by Taboola




