नए शैक्षणिक सत्र से हाथरस के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी हो रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों को एआई की प्रारंभिक जानकारी देने की विशेष व्यवस्था करेगा। इसके लिए विशेषज्ञों की मदद से अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन कराया जाएगा।



विद्यार्थियों को एआई की बुनियादी अवधारणाएं, इसके उपयोग और भविष्य में इससे पैदा होने वाले रोजगार की जानकारी दी जाएगी। उन्हें एआई के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराया जाएगा। सभी राजकीय विद्यालयों में इसके लिए विषय विशेषज्ञों का चयन किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को एआई की बारीकियां समझाएंगे। प्रधानाचार्यों को भी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि कक्षाओं का संचालन प्रभावी ढंग से कराया जा सके।

विज्ञापन



माध्यमिक शिक्षा विभाग का कहना है कि एआई का ज्ञान विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा। इससे उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। डीआईओएस संत प्रकाश ने बताया कि एआई आधारित कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, जिसके लिए नाम मांगे गए हैं। प्रशिक्षण की तैयारी की जा रही है।