Kal Ka Mausam IMD Alert: मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा तक) की तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

Kal Ka Mausam IMD Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने से गुरुवार को सुबह मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि दिल्ली में कल यानी शुक्रवार 3 जुलाई को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। IMD के मुताबिक, कल सुबह या दोपहर से पहले के समय में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा) की तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि यूपी, बिहार, दिल्ली, झारखंड, हिमाचल, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और केरल समेत देश के 15 राज्यों में कल भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ राज्यों में IMD ने ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने कहा है कि इस दौरान कुछ राज्यों में 80 से लेकर 85 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय

IMD ने बताया है कि इस समय पश्चिम बंगाल की खाडी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तट पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसकी वजह से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाडी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में इसके और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है। इसकी वजह से पूर्वी इलाके में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि एक और मौसमी ट्रफ उत्तर-पश्चिम राजस्थान से शुरू होकर, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ में मौजूद साइक्लोनिक सर्कुलेशन से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाडी तक फैला है, जिसकी वजह से कई राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

कहां-कहां भारी बारिश की चेतावनी?

मौसम विभाग ने शुक्रवार 3 जुलाई के लिए देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इनमें पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा शामिल है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात और मुंबई समेत कोंकण में भी 3 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। IMD ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और कहा है कि वहां बारिश का सिलसिला अभी जारी रहेगा। इसके अलावा गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमनी तट और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों के लिए भी 3 से 5 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा केरल और माहे में भी 3 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर पर क्या पूर्वानुमान?

मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार 3 जुलाई को मौसम सुहावना लेकिन बारिश वाला रहेगा। IMD के मुताबिक दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह/दोपहर से पहले एक या दो दौर की बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD ने इस दौरान बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा तक) की तेज हवाएं चलने का अनुमान भी जताया है। विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30°C से 32°C और न्यूनतम तापमान 20°C से 22°C के बीच रहेगा, जो सामान्य से काफी कम है।

बिहार-यूपी में कैसा रहेगा कल का मौसम?

IMD ने कहा है कि शुक्रवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों हिस्सों में छिटपुट से लेकर कहीं-कहीं अच्छी बारिश होने की संभावना है। ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। इस दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने (Thunderstorm & Lightning) की चेतावनी दी गई है। बिहार के मौसम पूर्वानुमानों पर मौसम विभाग ने कहा है कि कल छिटपुट से लेकर कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश (Heavy Rainfall) जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

पहाड़ों पर भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शुक्रवार को काफी व्यापक बारिश होगी। हिमाचल और उत्तराखंड में कल बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अंडमान और निकोबार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय और नागालैंड-मणिपुर क्षेत्र में भी भारी बारिश की संभावना है। इनके अलावा तटीय कर्नाटक और केरल में भी भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है, जबकि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में छिटपुट बारिश के आसार जताए गए हैं।