फतेहपुर, संवाददाता साइबर अपराध के शिकार हुए लोगों को राहत देते हुए साइबर सेल

फतेहपुर, संवाददाता साइबर अपराध के शिकार हुए लोगों को राहत देते हुए साइबर सेल ने 17 पीड़ितों के बैंक खातों में कुल 1.74 लाख रुपये वापस कराए हैं। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी के शिकार 17 पीड़ितों द्वारा दिए गए शिकायत पत्रों की जांच के बाद साइबर सेल ने संबंधित बैंकों और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप समन्वय स्थापित किया। जिस पर 16 जून से 30 जून 2026 के बीच ठगी की रकम पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।वापस कराई गई राशि में एमआरएम पोर्टल के माध्यम से 1,12,364 रुपये, कोर्ट आदेश के जरिए 56,800 रुपये तथा बैंक लाभार्थी खाते से 4,999 रुपये शामिल हैं।
लाभान्वित होने वालों में ललौली, बिंदकी, खागा, गाजीपुर, कल्याणपुर, चांदपुर, खखरेरू और थरियांव थाना क्षेत्रों के पीड़ित शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की अपील की। कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ितों की धनराशि वापस कराई जा सके।






